सेवराई(गाजीपुर)। मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता में शुमार समाधान दिवस पर उपस्थित न होने पर विभिन्न विभाग के नौ कर्मचारियों-अधिकारियों के खिलाफ एसडीएम मुहम्मद कमर ने नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर जवाव मांगा है। समाधान दिवस होने के बावजूद कई बार से संबंधित कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पा रहा। इसमें दूरदराज से आने वाले फरियादियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। उप जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी भदौरा, पशु चिकित्साधिकारी भदौरा, सहायक अभियंता नलकूप विभाग भदौरा, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण भदौरा, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा प्रखंड सेवराई, आबकारी निरीक्षक तहसील सेवराई, खनन निरीक्षक, मत्स्य निरीक्षक सेवराई, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि निरीक्षक सेवराई सहित नौ अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। एसडीएम की इस कार्रवाई से हड़कंप मची हुई है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब न देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।