गाजीपुर। शहर के आमघाट मुहल्ला में स्थित सुरेंद्रनगर गली में वर्षों पहले सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। पानी निकासी के लिए सड़क के बीचोबीच नाली का निर्माण कराकर उसे सीमेंट की पटिया से ढका गया था। पटिया क्षतिग्रस्त होने से जहां एक स्थान पर सड़क के बीच में गड्ढा है। वहीं कई स्थानों पर भी पटिया क्षतिग्रस्त होने से कई जगह से गड्ढा हो गया है। इससे एक तरफ जहां लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खतरा बना हुआ है। आमघाट मुहल्ला में स्थित सुरेंद्रनगर में सैकड़ों लोग निवास करते है। सुबह से लेकर देर रात कर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। गली के बीचोबीच मौजूद नाली के ढकने के लिए लगाई गई सीमेंट की पटिया टूट गई है, जिससे गड्ढा हो गया है। इससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिन के उजाले में तो लोगों की खुली नाली पर नजर पड़ जा रही है, लेकिन रात के अंधेरे में खासकर खुली नाली से अंजान लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। मुहल्लावासियों ने बताया कि वर्षों पहले सीसी सड़क का निर्माण कराने का दौरान पानी निकासी के लिए सड़क के बीच में संबंधित ठेकेदार द्वारा नाली बनाया गया था। नाली के ढकने के लिए मानक के अनुरूप सीमेंट का ढक्कन न बनाए जाने से वह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। एक स्थान पर तो पटिया पूरी तरह से ध्वस्त है, जिससे गड्ढा बन गया है। इससे आने-जाने वालों को दिक्कत हो रही है। इसी गड्ढे के पास छोटे-छोटे बच्चे स्कूल आते और जाते है। इस दौरान उनके खुली नाली में गिरकर घायल होने की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके नगरपालिका ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सरिता अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि मुझे किसी ने इस बात से अवगत नहीं कराया कि आमघाट मुहल्ला में स्थित सुरेंद्रनगर गली में नाली की पटिया क्षतिग्रस्त है। यदि ऐसा है तो जल्द से जल्द पटिया लगवाकर नाली को ढकवा दिया जाएगा।