गाजीपुर। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की बैठक जिला कार्यालय सिकंदरपुर पर गुरुवार को हुई। इस मौके पर जिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से कार्यकर्ताओं के लिए गुलाबी रंग तथा सहायिकाओं को पीले रंग की साड़ी ड्रेस में शामिल किए जाने का संघ सम्मान करता है। अब कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की पहचान ड्रेस के आधार पर आसानी से हो जाएगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने साड़ी के रंग का बदलाव किया और साथ ही कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर बनाने का जो निर्णय लिया है, इसकी हम प्रशंसा करते हैं। इससे पहले कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की एक रंग की ड्रेस हुआ करती थी। मंडल अध्यक्ष शीला तिवारी ने कहा कि यह सरकार हमारी मांग को धीरे-धीरे मान रही है। बस मानदेय के बारे में भी विचार करते हुए उसे कार्यकर्ताओं का 15000 तथा सहायिकाओं का मानदेय 10000 की घोषणा कर देनी चाहिए। प्रमोशन में 50 वर्ष की उम्र की अपेक्षा सरकार को 55 वर्ष की उम्र भी घोषित करनी चाहिए। इससे सबसे अधिक समय तक सेवा देने वाली कार्यकर्ता वंचित रह जाएंगी। जिला संरक्षक अमरनाथ दुबे ने कहा कि हम तब तक चुप नहीं बैठेंगे, जब तक कि हमारी सारी मांगें सरकार मान नहीं लेती है। अगर हमारी मांग पूरी नहीं होती है तो 3 माह पूरा होते ही हमारा आंदोलन जारी हो जाएगा। बैठक में लाची देवी, कमला यादव, निर्मला सिंह, संगीता सिंह, आशा जायसवाल आदि मौजूद रहीं।