मांग को लेकर माशिसं वित्तविहीन गुट ने भरी हुंकार
अमर उजाला ब्यूरो
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्तविहीन गुट) की ओर से अपनी मांग को लेकर धरना का आयोजन विकास भवन परिसर में मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर आयोजित सभा में जिलाध्यक्ष कालिका सिंह यादव ने कहा कि मनुष्य का अस्तित्व संघर्ष पर टिका है। हमें चाहे स्वयं के विकास की उच्चतम स्थिति को प्राप्त करना है अथवा संगठन के महान लक्ष्य को प्राप्त करना है तो संघर्ष के बिना कुछ भी प्राप्त करना असंभव है। संघ का लक्ष्य समान कार्य, समान योग्यता के आधार पर समान वेतन प्राप्त करना है। मांग पूरा होने तक संघ का संघर्ष जारी रहेगा। धरना सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष सीताराम यादव ने शिक्षकों से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने को कहा। कहा कि संघर्ष से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। सभा में प्रदेश महासचिव रामबदन यादव, मंडल अध्यक्ष सूर्यनाथ यादव, जियारत हुसैन, रामू यादव, संग्राम यादव, जितेंद्र यादव, मंगला राय, रमेश यादव, जयशंकर यादव ने विचार व्यक्त किया। संचालन संगठन मंत्री सुदामा यादव ने किया।