गाजीपुर। गंगा का संकट नमामि गंगे योजना से हल होने वाला नहीं है। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी योजनाएं कभी मुकाम तय नहीं कर पाती। गंगा बेसिन में बने 784 बांधों से जूझती गंगा प्रवाह के लिए लालायित है। जरूरत है इसे अविरल बहने दिया जाए। ये बातें गंगा मुक्ति एवं प्रदूषण विरोधी अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी रमाशंकर तिवारी ने पूर्वांचल के पांच जिलों की यात्रा के क्रम में गाजीपुर पहुंचने पर जंगीपुर, फुल्लनपुर तथा महादेवा गंगाघाट पर आयोजित नुक्कड़ सभा में कही। उन्होंने गंगा मुक्ति चेतना यात्रा को गंगा के लिए प्रासंगिक बताया। कहा कि चार वर्षों में चार हजार करोड़ खर्च कर भी गंगा के प्रदूषण को कम नहीं किया जा सका है। यात्रा वाराणसी, चंदौली होते हुए बक्सर जाएगी। यात्रा में श्री तिवारी के साथ सुनील कुमार सिंह, मेराज खां, मनीष कुमार सिंह आदि साथ थे।