बिरनो (गाजीपुर)। भड़सर मार्ग की स्थिति बारिश के बाद खराब है। सड़क गढ्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे दर्जनों गांव जुड़े हैं। यह कासीमाबाद-रसड़ा मार्ग से जाकर मिलता है। सड़क को जर्जर हुए लगभग दो वर्ष हो चुके हैं। सड़क निर्माण के लिए क्षेत्र के लोग कुछ महीने पहले धरने पर बैठे थे। जनता के उग्र होने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि सड़क को जल्द ही गड्ढ़ा मुक्त करेंगे। साथ ही सड़क के चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बिहरा गांव निवासी नन्हें खाँ, घनश्याम सिंह आदि ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन लोग बाइक से गिरकर घायल हो रहे हैं। सड़क बारिश के पानी से लबालब भरी हुई है और शासन के अधिकारियों से इसकी शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। सड़क से स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मार्ग को जल्द सही नहीं किया गया तो सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।