सैदपुर (गाजीपुर)।
शनिवार की दोपहर स्थानीय नगर क्षेत्र से जिला मुख्यालय पर एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा को तहसील के पास रोककर द तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के भ्रष्टाचार और उपजिलाधिकारी सत्यम मिश्रा के तबादले की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा और विरोध-प्रदर्शन किया। ज्ञापन लेने के बाद राज्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को मामले में कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात उन्होंने फोन पर रेल राज्यमंत्री से बात कर मामले की जानकारी दी थी। बताया कि मंत्री ने कहा था कि वह शनिवार को सैदपुर से होते हुए जिला मुख्यालय जाएंगे। जैसे ही रेल राज्यमंत्री का काफिला स्थानीय तहसील के सामने पहुंचा, हमने उनसे अपनी समस्या सुनने का आग्रह किया। इसके बाद, उन्होंने हमारी समस्या सुनी और ज्ञापन लिया। इस दौरान संगठन के उपाध्यक्ष प्रेम नरायण यादव, राजेंद्र राम, जयप्रकाश सिंह, विनोद सिंह, मुम्तजिर रहमान, विनोद चौबे, राजेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, केदारनाथ यादव आदि उपस्थित रहे।