मुहम्मदाबाद- गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय मुहम्मदाबाद को 2018 की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए परीक्षा केंद्र के साथ-साथ संकलन केंद्र एवं नोडल केंद्र बनाया गया है। मुहम्मदाबाद एवं कासिमाबाद तहसील क्षेत्र के 21 महाविद्यालयों को अब इसी राजकीय महाविद्यालय से प्रश्नपत्र प्राप्त होगा। परीक्षा के बाद उनकी उत्तर पुस्तिकाएं भी इसी महाविद्यालय में जमा होगी। विश्वविद्यालय की इस व्यवस्था से सभी 21 महाविद्यालयों ने राहत की सांस ली है। पूर्व में उन्हें प्रश्नपत्र लेने के लिए तथा परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाएं गाजीपुर जाकर जमा करनी पड़ती थी। शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए प्राचार्य डा. बीएम प्रसाद की ओर से परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया है। सचल दस्ते का गठन कर परीक्षा कराई जा रही है। मंगलवार को महाविद्यालय में अपने महाविद्यालय के साथ-साथ गांधीनगर, लौवाडीह महाविद्यालयों के राजनीति विज्ञान बीए प्रथम एवं तृतीय वर्ष की परीक्षा प्रथम पाली में हुई। इसमें कुल पंजीकृत 478 परीक्षार्थियों में से 463 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। 15 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में राजनीति विज्ञान बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा में 310 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।