करंडा। पुलिस ने सोमवार की भोर में चांड़ीपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान शातिर बदमाश राजू यादव के गैंग के दो बदमाशों को बाइक सहित पकड़ा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की शातिर अपराधी राजू यादव गैंग के दो बदमाश बाइक से किसी घटना को अंजाम देने के लिए नंदगंज से चोचकपुर की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम भोर में चांड़ीपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग कर बदमाशों का इंतजार करने लगी। इसी बीच एक बाइक आती दिखाई पड़ी। पुलिस कर्मियों ने बाइक सवारों को रोकना चाहा। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही बाइक की गति बढ़ा दी। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर बाइक सवारों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक तमंचा, तीन कारतूस, दो मोबाइल और दो सिम बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपना नाम करंडा थाना के मटखन्ना गांव निवासी खरपत यादव और इसी थाना क्षेत्र के अतरसुआ गांव निवासी पंकज यादव बताया। सीओ हृदयानंद सिंह ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में खरपत ने बताया कि उसने पत्रकार राजेश हत्याकांड में अपने रिश्तेदार राजू यादव और मंटू के कहने पर मुखबिरी की थी। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है।