बिरनो। थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के पास रविवार की सुबह मरीज लेकर जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में उपचार के लिए वाराणसी जा रही महिला मरीज की मौत हो गई। जबकि पति मामूली रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने पंचनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया। मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर गांव निवासी जफरुद्दीन (32) अपनी पत्नी समीदुल निशा (30) की तबियत खराब होने पर एंबुलेंस से लेकर वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान भोर में करीब चार बजे बिरनो क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में जहां समीदुल निशा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पति जफरुद्दीन घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। घायल की सूचना पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराया। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।