गाजीपुर। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद 23 मई को जंगीपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के परिसर में मतों की गणना होगी। इसके लिए रूट डायवर्जन किया गया है। पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि जंगीपुर, बिरनो, दुल्लहपुर, मऊ, गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहन यादव मोड़ से हंसराजपुर, बबेड़ी, भुतहिया टांड़ होते हुए गंतव्य को जाएंगे। इसी प्रकार वाराणसी की तरफ से आने वाले वाहनों को भुतहिया टांड़, बबेड़ी, हंसराजपुर यादव मोड़ होते हुए निकाला जाएगा। गोरखपुर-मऊ से आने वाले वाहन जो मुहम्मदाबाद की तरफ जाएंगे, वह लावा मोड़ होते हुए निकलेंगे। वाराणसी से गाजीपुर शहर होते हुए जाने वाले वाहनों को अटवा मोड़ से बलिया-बिहार की तरफ भेजा जाएगा। यह रूट डायवर्जन सुबह चार बजे से लागू होगा।