गाजीपुर। रेलवे प्रशासन ने होली त्योहार के दौरान यात्रियों की हो रही भीड़ को देखते हुए यात्री जनता की सुविधा के लिये तीन जोड़ी मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों में निश्चित अवधि के लिए अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से लगाने का निर्णय लिया है। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने दी है। उन्होंने बताया कि 22420 एवं 22419 आनंद विहार टर्मिनस, गाजीपुर सिटी, आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच आनंद विहार टर्मिनस से छह अप्रैल से दो जुलाई तक तथा गाजीपुर सिटी से सात अप्रैल से तीन जुलाई तक लगाया जाएगा। 22434 एवं 22433 आनंद विहार टर्मिनस, गाजीपुर सिटी, आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच आनंद विहार टर्मिनस से आठ अप्रैल से पहली जुलाई तक तथा गाजीपुर सिटी से नौ अप्रैल से दो जुलाई तक लगाया जाएगा।