गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवी छात्राओं ने लक्ष्य गीत एवं सरस्वती वंदना के साथ अपनी दिनचर्या प्रारंभ की। योग प्रशिक्षक प्रतीक्षा पांडेय के निर्देशन में छात्राओं ने प्राणायाम एवं योगाभ्यास किया। इसके बाद छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली। रैली में आओ-आओ पर्यावरण बचाएं, सभी का जीवन बेहतर बनाएं, पर्यावरण से नाता जोड़ो, पॉलीथिन का उपयोग छोड़ो, जल है तो जीवन है जैसे नारे लगाते हुए स्वयं सेविकाओं ने लोगों को जागरुक करते हुए नियाजी मुहल्ला, सैयदबाड़ा एवं महाजन टोली के क्षेत्रों में भ्रमण किया। क्षेत्र के विभिन्न भागों में छात्राओं ने घर-घर जाकर पर्यावरण बचाने पॉलीथिन का उपयोग न करने जल संरक्षण आदि के बारे में लोगों को जागरूक किया। सायंकालीन बौद्धिक संगोष्ठी में जिला सहायक उद्योग अधिकारी प्रभात कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयं सेविकाओं को कौशल विकास के विविध पक्षों पर ज्ञानवर्द्धक व्याख्यान दिया। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. संतन कुमार ने आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इससे पूर्व महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राओं की ओर से व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोहम्मद अखलाक खान, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित यादव, डॉ. सारिका सिंह, प्रताप सिंह रावत, डॉ. सत्येंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।