सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के सेवराई बाजार में रविवार की रात चोरों ने किराना दुकानदार के बंद मकान को निशाना बनाते हुए बेटी की शादी के लिए रखे 15 लाख रुपये और लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। वे परिवार के साथ दर्शन-पूजन के लिए बीते नौ अगस्त को झारखंड के देवघर गए थे। सोमवार की सुबह घर पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद करने के साथ चौक पर धरना- प्रदर्शन शुरू कर दिया। कोतवाल शैलेश मिश्रा ने जल्द चोरी की घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन देकर एक घंटे बाद धरना समाप्त कराया। पीड़ित स्थानीय बाजार निवासी गोविंद कुमार जायसवाल उर्फ पप्पू ने पुलिस को जानकारी दी कि वह पूरे परिवार के साथ रक्षाबंधन पर्व के दिन नौ अगस्त को दर्शन पूजन के लिए देवघर गए थे।वहां से वह जब आए तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित किराना दुकानदार ने बताया कि चोर घर के पीछे के रास्ते से छत पर लगी लोहे की जाली तोड़कर घुस गए। चोरों ने बेटी की शादी के लिए रखे 15 लाख रुपये, लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। दुकान का सामान भी बिखरा था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद करने के साथ सुबह नौ बजे चौक पर धरना शुरू कर दिया। कोतवाल शैलेश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली। चोरी गए सामान और नकदी की जानकारी मांगी गई है। जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।