गाजीपुर। कोरोना संक्रमण के मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते प्रशासन हलाकान है। जिले में हॉटस्पाट गांवों की संख्या बढ़ती जा रही है और उन गांवों से लोगों के स्वास्थ्य सर्वेक्षण के लिए इस समय कुल 147 टीमें काम कर रही हैं। बाहर से आने वाले लोगों की संपूर्ण जानकारी रखी जा रही है। इस टीम में दो सदस्यों को रखा गया है, जो लोगों का नाम, पता नोट कर रही है। अगर किसी का स्वास्थ्य खराब पाया जा रहा है तो उसकी थर्मल स्क्रीनिंग या सैंपलिंग कराई जा रही है। नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले गांवों के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है। इसके लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को भी लगाया गया है। उधर, पहले मिले कई गांवों में सर्वेक्षण का काम कर लिया गया है। मुहम्मदाबाद और सुरवत गांव में पहले चरण का सर्वे पूरा कर लिया गया है। बाकी गांवों के लिए 13 टीमों का गठन किया जा रहा है। पूर्व के संक्रमित गांव लौलहा, हुरमुजपुर, गठिया, हैदरगंज, नारायनपुर आदि गांवों में सर्वेक्षण का काम शुरू हो गया है। नवली, गोपालपुर, शुक्लपुरा, खालिसपुर, मदनही, देवकली, सिरसी भोजापुर, महेशपुर और रेवड़िया में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। करीब 17 हजार का सर्वे कर लिया गया है। कासिमाबाद के नसीरपुर सुरवत, असैचनपुर, बूढ़नपुरपुर, आगापुर, पारा, देवकली गांवों में मरीजों के मिलने के बाद संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत 14 टीमों का गठन किया गया। रामपुर जीवन गांव, पृथ्वीपुर, रेवतीपुर के पकड़ी, सदर ब्लाक के बयेपुर देवकली, सेवराई, रेवतीपुर, नसरतपुर, हैदरगंज , जयनगर, गनपा में सर्वेक्षण के लिए कुल 24 टीमें लगाई गई। इन गांवों में सर्वेक्षण का काम करीब पूरा हो गया है। करीब 9532 लोगों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। इसमें से 3563 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। मुहम्मदाबाद, मनिहारी के चकबाकर, रेवतीपुर, सदर ब्लाक के डिलिया, दुल्लहपुर, मनिहारी ब्लाक के यूसुफपुर खड़बा एवं सदर ब्लाक के बभनौली गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 टीमें बना दी गई है। सर्वेक्षण में सर्दी, बुखार या अन्य प्रकार से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग का काम भी किया जा रहा है। एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा ने बताया कि बीमार लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।