फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क किनारे गड्ढे में मिला हत्या कर फेंका गया अधेड़ का शव

विज्ञापन
विज्ञापन
कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर स्थित एक स्कूल के पूर्वी छोर के पास एक गड्ढे में रविवार की सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हत्या का आरोप लगाते हुए हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ जहूराबाद-बाराचवर पर जाम लगा दिया। उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस मामले में मृतक के पुत्र ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार की सुबह करीब नौ बजे कोचिंग पढ़ने जा रही छात्राओं ने जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर स्थित एक स्कूल के पूर्वी छोर के पास एक गड्ढे में एक अधेड़ का शव देखा। इस पर वह शोर मचाने लगी। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों ने मृतक की शिनाख्त सिपाह गांव निवासी रामाधार राजभर (55) के रूप में की। लोगों की सूचना पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और चीख-पुकार करने लगे। मृतक रामाधार के सिर के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान के साथ ही कमर के साथ शरीर के कई हिस्सों में भी चोट के निशान थे। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर परिजनों के साथ ग्रामीणों ने शव रखकर जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर सुबह दस बजे जाम लगा दिया। जाम लगते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुट गई, लेकिन लोग मौके पर सक्षम अधिकारी को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। उप जिलाधिकारी कासिमाबाद मंशाराम वर्मा मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाते हुए मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा के तहत मिलने वाला लाभ दिलाने की घोषणा के साथ रामाधार के हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द करने के लिए बरेसर पुलिस को निर्देशित किया। इस पर लोगों ने दो घंटा बाद दिन में 12 बजे जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। घटना स्थल पर पहुंची फारेंसिक टीम ने जांच की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामाधार राजभर शाम को सेमऊर मौजे में बटाई पर गेहूं की फसल की सिंचाई करने के लिए घर से निकला था। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद महमूद अली ने बताया कि मृतक के पुत्र विनोद राजभर की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रामाधार की मौत किन कारणों से हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें