सेवराई(गाजीपुर)। स्थानीय तहसील के लेखपाल संघ का द्विवार्षिक चुनाव मंगलवार की शाम संपन्न हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर संतोष कुमार तिवारी निर्वाचित घोषित किए गए। शेष पदों पर निर्विरोध चयन किया गया। लेखपाल संघ सेवराई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिवजी यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुधांशु प्रकाश, कोषाध्यक्ष सुदीप, मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह, उपमंत्री संजय कुमार उपाध्याय निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव अधिकारी लेखपाल संघ के आय-व्यय निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष विनोद यादव, जिला मंत्री रामलखन राम, पूर्व ग्राम प्रधान गहमर मुरली कुशवाहा, बालमुनी राम, रामअवध यादव, जीतलाल चौधरी, शंकर यादव आदि उपस्थित थे। चुनाव के बाद सेवानिवृत्त लेखपाल जमुना राम का विदाई समारोह आयोजित किया गया। सेवानिवृत्त लेखपाल जमुना राम को उप जिलाधिकारी मोहम्मद कमर ने अंगवस्त्र एवं छड़ी देकर सम्मानित किया।