सादात(गाजीपुर)। समकालीन सोच के तत्वावधान में डायट सैदपुर के परिसर में स्थित बीआरसी सभागार में डॉ.सुरेश सिंह यादव के कहानी संग्रह ‘अपनी धरती-अपने लोग’ का विमोचन गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रसिद्ध चिंतक डॉ. पीएन सिंह ने कहानी लेखन की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. सुरेश सिंह यादव अनुभव के साथ-साथ यथार्थ को समेट कर लिखें तो उनकी कहानियां और बेहतर होंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जामिया मिलिया इस्लामिया के प्रो.चंद्रदेव यादव ने कहा कि डॉ.सुरेश ने अपनी कुछ कहानियों में शिल्प को भी तोड़ा है जिससे उसमें कुछ नयापन आ गया है। बीएचयू के प्रो. आरके शुक्ल ने कहा कि डॉ .सुरेश सिंह यादव के पात्र प्रासंगिक हैं जो कहीं भी मिल जाएंगे। डॉ.रामअवध सिंह यादव ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब डॉ. सुरेश बड़ा कहानीकार बनेंगे। वरिष्ठ कथाकार रामावतार ने संग्रह की कहानियों की सराहना की। वरिष्ठ शिक्षाशास्त्री एवं प्रधानाचार्य राम अवतार सिंह यादव ने कथा साहित्य के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। धन्यवाद ज्ञापन कमला शंकर यादव ने किया।