मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। पिछले कई दिनों से सेमरा कटान को रोकने के लिए ठोकर निर्माण की मांग को लेकर ग्रामवासियों की ओर से किए जा रहे आंदोलन में 18 मई को सांसद भरत सिंह ने पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों एवं मुख्य अभियंता से बात करके काम शुरू कराने के लिए दो दिन का समय दिया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने आनन-फानन में सोमवार को 10 ट्रक बोल्डर एवं पोकलेन मशीन तथा 40 मजदूरों की टोली लेकर सोमवार को काम शुरू किया। इससे सेमरा के लोगों सहित क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सांसद भरत सिंह के प्रति लोगों ने आभार व्यक्त किया। सेमरा कटान स्थल पर आज बोल्डर आदि सामानों के पहुंचने के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने वहां पहुंचकर मौका मुआयना करते हुए अधिकारियों से मानक के अनुरूप कार्य करने को कहा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता विरेंद्र राय, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, मिथिलेश राय, सतीशचंद्र राय, रामजी गिरी, अरुण राय, अश्विनी राय, शिवम उपाध्याय आदि उपस्थित थे।