दुल्लहपुर (गाजीपुर)। परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की 10 सितंबर को धामूपुर गांव स्थित पार्क में सहादत दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम में थल सेनाध्यक्ष विपिन रावत मुख्य अतिथि होंगे। थल सेनाध्यक्ष के आगमन और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वाराणसी रेंज के सैन्य अधिकारी अभी से जुट गए हैं। शुक्रवार को सैन्य अधिकारियों की ओर से तैयारी और व्यवस्था के संबंध में जिला प्रशासन को भेजा गया पत्र शहीद के पोत्र जमील अहमद ने डीएम संजय कुमार खत्री और एसपी सोमेन वर्मा को सौंपी। जिला प्रशासन को भेज गए पत्र के माध्यम से मुख्य अतिथि के आगमन और कार्यक्रम की सूचना देते हुए हैलीपैड के लिए जमीन उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और सुरक्षा के पुख्ता बंदोवस्त के बारे में कहा गया है। साथ ही बिजली की पर्याप्त व्यवस्था, पानी सहित जरूरी व्यवस्थाओं को वहां व्यापक तौर पर इंतजाम करने की बात कही गई। सहादत दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम और थल सेनाध्यक्ष के मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होने को लेकर वाराणसी रेंज के सैन्य अधिकारियों ने एक माह पूर्व धामूपुर स्थित पार्क और उसके आस-पास के जगहों का गंभीरता पूर्वक निरीक्षण करने का काम किया था। इस मौके पर शहीद के पोत्र जमील अहमद, डॉ. आरके पांडेय, गौरव सिंह, शमशाद अहमद आदि मौजूद थे।