जमानिया (गाजीपुर)। श्री प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने शनिवार को कोतवाली में तैनात एक दारोगा पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी को पत्रक सौंपा। पीड़ित शनिवार को अपनी शिकायत लेकर कोतवाल हेमंत कुमार सिंह के यहां पहुंचे थे। वहां जयप्रकाश को देख दारोगा भी पहुंच गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। इतना ही नहीं हाथापाई पर उतारू हो गया। इस पर कोतवाल हेमंत कुमार सिंह ने बीच-बचाव कर मामले को किसी तरह शांत किया। उन्होंने मांग की कि उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस बारे में क्षेत्राधिकारी डॉ. तेजवीर सिंह ने कहा कि पत्रक में लिखे गए तथ्य की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर दारोगा के विरुद्ध अवश्य कार्रवाई होगी। उपनिरीक्षक ने समाजसेवी के साथ अभद्रता के सवाल पर पहले अनभिज्ञता जताई, फिर कहा कि इसके बारे में उच्चाधिकारी से वार्ता करें।