गाजीपुर। रविवार को पूरे दिन मौसम का मिजाज काफी गर्म रहा। तेज धूप के बीच गर्मी और उमस के जबरदस्त प्रभाव से हर कोई बेहाल था। लाख जतन करने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही थी। हालांकि तेज धूप के बीच कभी-कभी काली घटाएं भी छा जा रही थी। बदली होने पर जहां लोगों को कुछ राहत मिल रही थी, वहीं धूप निकलने पर पुन: परेशानी बढ़ जा रही थी। मौसम की मार से परेशान हर कोई ऊपर वाले की दुहाई देते हुए बारिश के लिए प्रार्थना कर रहा था, जिससे कुछ राहत मिल सके। पूरे दिन बारिश नहीं हुई। इसी बीच देर शाम करीब सात बजे तेज हवा के बीच हल्की बूंदा-बांदी शुरु हुई, जिससे मौसम में कुछ नमी आई और गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। आसमान में काले बादलों को देख लोग कयास लगाते रहे कि शायद रात में अच्छी बारिश हो।