मुहम्मदाबाद। ठंड कम पड़ने एवं कोहरे का कहर अभी शुरू न होने के बाद भी ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। इस कारण यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को छपरा से दुर्ग जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े 3 घंटे विलंब से आई। जबकि दोपहर में छपरा से वाराणसी सिटी तक जाने वाली यात्री ट्रेन लगभग ढाई घंटे विलंब से गई। दिल्ली से दरभंगा तक जाने वाली स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस विलंब के चलते शनिवार को निरस्त कर दी गई। ट्रेन के निरस्त हो जाने से दिल्ली से वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को अपनी यात्रा ही निरस्त कर देनी पड़ी। ट्रेनों की लेटलतीफी से ट्रेन से यात्रा करने वाले लोग हमेशा आशंकित रह रहे हैं कि वह अपने गंतव्य तक समय से पहुंच पाएंगे या नहीं।