उत्तर प्रदेश शासन ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के 403 विद्यालयों को वित्तविहीन मान्यता प्रदान कर दी। इस पर राज्यपाल की सहर्ष स्वीकृति भी प्रदान हो गई है। क्षेत्रीय कार्यालय माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी से जुड़े कुल 105 विद्यालयों को वित्तविहीन मान्यता प्रदान की गई है, जिसमें जिले के 13 विद्यालय शामिल हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से मान्यता के संबंध में उपलब्ध कराए गए प्रस्तावों के क्रम में इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम 1921(यथा संशोधित 2022) की धारा 7(4) के तहत इन विद्यालयों को वित्तविहीन मान्यता प्रदान की गई है। जिन विद्यालयों को हाईस्कूल नवीन मान्यता प्रदान की गई है। इसमें कक्षा-छह से 10 तक की कक्षाएं शामिल हैं। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव शंभू कुमार की तरफ से शासनादेश जारी कर दिया गया है। इसकी प्रतियां शिक्षा निदेशक माध्यमिक और सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भी प्रेषित की गई है।
क्षेत्रीय कार्यालय माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी से जुड़े कुल 105 विद्यालयों को वित्तविहीन मान्यता प्रदान की गई है, जिसमें गाजीपुर जिले के कुल 13 विद्यालय शामिल हैं। मान्यता के लिए इन सभी विद्यालयों ने वर्ष 2019 से लेकर 2021 के बीच अपने-अपने प्रस्ताव मान्यता के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों को उपलब्ध कराए थे। कई वर्ष बीत जाने के बाद उन्हें अब यह मान्यता नसीब हुई है। गाजीपुर जिले के जिन विद्यालयों को वित्तविहीन मान्यता प्रदान की गई है उनमें तुलसी पंचशील मेमोरियल बालिका विद्यालय तुलसीपुरम चकमुकुंद को कक्षा-छह से 10 तक नवीन हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त हुई है।
इसके अलावा होरीलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इटहा अनौनी को नवीन हाईस्कूल, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज अड़िला को नवीन हाईस्कूल और इंटर वैज्ञानिक, आरएस इंटर कॉलेज फत्तेपुर नई कोट को नवीन हाईस्कूल और इंटर वैज्ञानिक, बाबा भृगुनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूढ़पुर सादात को नवीन हाईस्कूल, राजनारायण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलेमपुर बघांई को नवीन हाईस्कूल, पूर्वांचल इंटर कॉलेज वृंदावन को नवीन हाईस्कूल एवं इंटर वैज्ञानिक, सरस्वती विद्या मंदिर रायगंज को नवीन हाईस्कूल, बाबा नथुनी कॉलेज खानपुर सदर को नवीन हाईस्कूल, सदगुरु पब्लिक स्कूल सुल्तानपुर माफी धावा चौरा को नवीन हाईस्कूल, रामअधार कॉलेज बैरिया अमेदा को नवीन हाईस्कूल, बाबा घरभरन दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सराय मुनीमाबाद को नवीन हाईस्कूल और श्री बनवारी लाल इंटर कॉलेज सराय कासिम मुड़ियार को नवीन हाईस्कूल और इंटर मानविकी की मान्यता प्रदान की गई है।