गाजीपुर। जिले में विद्युत विभाग की ओर से शनिवार की रात और रविवार की सुबह कई क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। सुहवल थाना क्षेत्र के युवराजपुर गांव में 11 और जमानिया के अवती गांव में तीन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही 35 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। वहीं दस लोगों से एक लाख 12 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई। विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी रही। सुहवल संवाददाता के अनुसार युवराजपुर गांव में चेकिंग अभियान के तहत 11 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। जबकि 35 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की गई। दस लोगों से एक लाख बारह हजार की राजस्व वसूली के साथ ही 17 उपभोक्ताओं के कनेक्शन में भार वृद्धि की गई। बिजली विभाग और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से ग्रामीणों में हड़कंप जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान एक्सईएन हेमंत सिंह, एसडीओ प्रवीन मौर्या, एसडीओ विजय कुमार, बाबू खान, जेई हर्षित राय आदि मौजूद रहे। अवती गांव में अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह के नेतृत्व में शनिवार की रात चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमे मौके पर तीन लोगों को अवैध तरीके से आटा चक्की चलाते हुए पकड़ा गया। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।