गाजीपुर। वर्ष 2024 की बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में कराई जाएंगी। जनपद में परीक्षा द्वितीय चरण में दो से 9 फरवरी के बीच होगी। इस संबंध में परिषद के सचिव दिव्य कान्त शुक्ल की तरफ से विज्ञप्ति जारी की गई है। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने दी है।जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में इस बार 149174 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। हाईस्कूल में 74313 और इंटर में 74861 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी गई। साथ ही परीक्षाओं की शुचिता को बनाए रखने के उद्देश्य से प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाए सीसीटीवी की निगरानी में कराने के लिए कहा गया है।
इसी तरह हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं गत वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर संपादित कराई जाएंगी। हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित होने की कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन), नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इण्टरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालयों के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए 10 जनवरी से वेबसाइट क्रियाशील हो जाएगी।
इसी तरह हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड लिखित परीक्षाएं 13 से 22 जनवरी के बीच कराई जाएगी। इसी बीच कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं भी संपन्न होगी। पिछले वर्ष भी कक्षा 10 और कक्षा 12 की प्री बोर्ड परीक्षा कराई गई थी। बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार हाई स्कूल के आंतरिक मूल्यांकन की परीक्षा भी इस बीच कराई जाएगी।