सादात(गाजीपुर)। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत डोरा, वृंदावन, प्यारेपुर और टांडा के प्रधानों को नोटिस जारी करते हुए अपूर्ण आवासों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने की हिदायत दी है। चेताया कि अगर ऐसा न हुआ तो उनके साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिवों पर भी एफआईआर की कार्रवाई के साथ ही अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ अरुण पांडेय ने बताया कि उपरोक्त ग्राम पंचायतों में वर्ष 2016-17 और 17-18 में आवंटित अनेक आवास अब तक नहीं बने हैं। इसकी नैतिक जिम्मेदारी संबंधित प्रधानों की है। अगर इनके द्वारा एक सप्ताह के अंदर आवास पूर्ण न कराया गया तो पंचायती राज अधिनियम के तहत उनके पद पर पुनर्विचार के साथ ही एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं संबंधित सचिवों को निर्देशत किया कि प्रधानों के मानदेय एवं राज्य/चौदहवें वित्त का कोई भी भुगतान तब तक न करें जब तक आवास बन नहीं जाते। अन्यथा सचिवों की संलिप्तता मानते हुए उन पर भी कार्रवाई होगी।