सुहवल। क्षेत्र के सोनवल ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय के परिसर में बुधवार की शाम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में लोक अदालत-विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ विधिक सेवा के पदेन सचिव/तहसीलदार जमानिया आलोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने लोगों को राज्य संहिता की नई धाराओं तथा कानून व्यवस्था की जानकारी दी। राजस्व निरीक्षक शेषमणी ने राजस्व के बढ़ते मामलों को आपसी समझौते से निपटारे की बात कही। जिला पंचायत सदस्य वशिष्ठ यादव ने कहा कि विधिक रूप से साक्षर होने का अर्थ है कानूनी दस्तावेजों, विचारों, निर्णयों, कानूनों आदि को लिख/पढ़ पाने की क्षमता है। प्रधान पुष्पा देवी ने कहा कि जमीन जायदाद पर महिलाओं को पिता की पुश्तैनी संपत्ति पर पूरा अधिकार संविधान ने प्रदान किया है। शिविर में ग्रामीणों को राजस्व विभाग से जुड़ी योजना वरासत, अंश निर्धारण आदि के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर उपनिरीक्षक अजीत कुमार पांडेय, मदन यादव, दर्शन यादव, लेखपाल निरंजन कुमार, जनार्दन पाल, मंगन यादव, राम सिंह कुश्वाहा आदि उपस्थित थे।