मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय विद्युत उपखंड कार्यालय पर सोमवार को वेतन न मिलने से नाराज विद्युत संविदा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर धरने पर बैठ गए। संविदा कर्मियों का कहना है कि हम लोगों ने अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन एसडीओ विद्युत को पिछले 24 सितंबर को दिया था। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीओ मुहम्मदाबाद ने संविदा कर्मियों को आश्वासन दिया था कि पहली अक्तूबर को विद्युत संविदा कर्मियों का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा लेकिन एक अक्तूबर को वेतन भुगतान न करने के विरोध में बाराचवर एवं करीमुद्दीनपुर पावर हाउस के सभी संविदा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर धरना पर बैठ गये। दो अक्तूबर से मुहम्मदाबाद, कुंडेसर, खैराबारी, कोटवा नारायनपुर पावर हाउस के सभी विद्युत संविदा कर्मी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल होकर धरने पर बैठेंगे। धरना में राजेश, भीम, हलचल, बलिराम, प्रभु आदि शामिल रहे।