सुहवल(गाजीपुर)। ब्लॉक संसाधन केंद्र रेवतीपुर के सभागार में सभी विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों, सचिव एवं प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हमारी पहली प्राथमिकता है। प्राथमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ योजनाओं का पारदर्शिता पूर्ण संचालन समितियों के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र के प्रधानाध्यापकों से कहा कि नि:शुल्क ड्रेस का वितरण हर हालत में पहली जुलाई को सुनिश्चित किया जाए, इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों की होगी। इस कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सत्र प्रारंभ होते ही विद्यालयों में पठन-पाठन समय से हो साथ ही अध्यापकों की उपस्थिति भी समय से होना सुनिश्चित होनी चाहिए। परिषदीय विद्यालयों के प्रति लोगों का रुझान बढ़े इस दिशा में सार्थक प्रयास जरूरी है। चेताया कि विद्यालयों में साफ-सफाई, बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। इस मौके पर भगवती प्रसाद तिवारी, कृष्ण कुमार सिंह, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, सुनील कुमार, मुकुंद राय, मंहगू यादव आदि उपस्थित थे।