मरदह। नगर के कासिमाबाद रोड पर दलित बस्ती के सामने जाम पड़े नाले तथा सड़क पर बह रहे गंदे पानी की साफ-सफाई शुक्रवार को शुरू कर दी गई। दरअसल यहां की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खबर पर एडीओ पंचायत नर्वदेश्वर तिवारी के निर्देश पर ब्लाक अध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को साफ-सफाई शुरू कर दी। मरदह-कासिमाबाद रोड पर दलित बस्ती के नाले की सफाई काफी समय से नहीं की गई थी। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। दुर्गंध से लोग परेशान हो गए थे। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। दिन भर की मेहनत के बाद शाम तक नाले को साफ किया गया।