सेवराई। स्थानीय गांव के पंचशील चौक का चतुर्थ स्थापना दिवस मंगलवार की देर शाम सम्राट अशोक क्लब सेवराई की ओर से धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि भंते धम्म शरण ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के सामने कैंडल जलाकर एवं पुष्प अर्पित करके कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर पूरे पंचशील चौक की रंग-बिरंगी झालरों से सजावट की गई थी। कार्यक्रम में गत नौ दिसंबर को डॉ. अंबेडकर इंटर कॉलेज में हुए मिस्टर गाजीपुर बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप के 60 किलो भार वर्ग में द्वितीय रनर अप रहे गांव निवासी प्रदीप कुशवाहा को अशोक स्तंभ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब के प्रबंधक अंजनी कुमार मौर्य, डॉ. राजेश कुशवाहा, डॉ. लालजी सिंह, सीतार्जन कुशवाहा, उपेंद्र कुशवाहा, श्याम नारायण कुशवाहा, डॉ. रामू कुशवाहा, सूचित मौर्या, भास्कर कुशवाहा, धर्मेंद्र आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद मौर्या एवं आयोजक डॉ. सुभाष मौर्य ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।