बहादुरगंज (गाजीपुर)। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्थानीय मदरसा फैजानुल उलूम के बच्चों ने सोमवार को जागरुकता रैली निकाली। इसमें शामिल बच्चे हाथों में तख्तियां लेकर स्वच्छता के प्रति नारा लगाते हुए चल रहे थे। स्वच्छता अभियान रैली मदरसा से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, बरतर, प्राथमिक विद्यालय होते हुए पुन: मदरसा पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद अध्यापकों संग छात्र-छात्राओं ने मदरसा परिसर की साफ-सफाई की और पौधों में पानी डाला। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक मौलवी अबुलैस ने कहा कि स्वच्छता से वातावरण भी स्वच्छ और सुंदर रहता है। आसपास गंदगी न होने से बीमारियों का खतरा भी नहीं रहता है। स्वच्छता रैली में सभासद संजय साहनी, मौलाना मुजीबुर्रहमान, अंजर कमाल, मो. शाहिद, वसीम अब्बासी, इकबाल खान, वसीम अहमद आदि शामिल रहे।