नंदगंज(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मदनहीं गांव में बुधवार की रात बारिश और तेज हवा के चलते छप्पर गिराने से एक 62 वर्षीया वृद्धा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। क्षेत्र के बक्सा निवासी शोभनाथ यादव ने मदनही गांव में भूमि खरीदा था, जहां वह छप्पर डाल कर पशु बांधते थे। बुधवार की रात डेरे पर पशुओं की देखभाल करने के लिए परिवार की कमली देवी (62) सोई हुई थी। रात में तेज बारिश और हवा के कारण छप्पर उसके ऊपर गिर पड़ा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह शोभनाथ जब पशुओं को चारा डालने के लिए डेरे पर गया तो छप्पर गिरा हुआ था। उसके शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंच कर छप्पर को उठाए। छप्पर के नीचे दबी कमली को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शोभनाथ की तहरीर पर शव को कब्जे में ले लिया।