जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार की सुबह एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए मरीज उमड़े। इस दौरान लोग हो-हल्ला भी करते रहे। शोरगुल के बीच किसी तरह से मरीजों को वैक्सीन लगाई गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह लगभग 50-60 की संख्या में एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे मरीजों ने सुई लगवाने के लिए हो-हल्ला मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ओपीडी दफ्तर पर पहले से मौजूद मरीज भी वैक्सीन लगाने के लिए शोर मचाने लगे। केंद्र पर तैनात फार्मासिस्ट जितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे 50 मरीजों को बारी-बारी से वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद भी मरीज हो-हल्ला करते रहे और पहले वैक्सीन लगाने का दबाव बनाते रहे। केंद्र पर कार्यरत चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बड़ी मुश्किल से जिला अस्पताल से एंटी रैबीज वैक्सीन मिल रहा है। मांग के सापेक्ष आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिले पर वैक्सीन का अभाव है, जिससे परेशानी हो रही है।