गाजीपुर। निकाय चुनाव प्रथम चरण में 22 नवंबर को होगा। इसे लेकर नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने जीत का ताज पहनने के लिए मतदाताओं से वोटों की मनुहार करना शुरू कर दिया है। बातचीत में नगरपालिका परिषद गाजीपुर के मतदाता कहते हैं कि हर बार ऐसा देखा जाता है कि हमारा कीमती मत लेकर चुनाव लड़ने वाले माननीय बन जाते हैं। लेकिन इसके बाद विकास कार्यों के लिए किए गए वादे को भूल जाते हैं, जिससे हम अपने आप को ठगा महसूस करते हुए यह अफसोस करते हैं कि हमने गलत प्रत्याशी का चयन कर लिया। नगरपालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश सहित विभिन्न समस्याओं का समाधान करने और पालिका परिषद को आदर्श नगरपालिका बनाने की सोच रखने वाला प्रत्याशी ही हम लोगों की पहली पसंद होगा।