सैदपुर (गाजीपुर)। चुनावी उलटफेर में सियासतबाज तरह-तरह की गोटियां चल रहे हैं। नगर पंचायत चुनाव के पहले क्रम में नाम बढ़वाने, हटवाने में भी गणित की जा रही है। नगर के विभिन्न हिस्सों से लोगों ने वोटर लिस्ट में गलत नाम छप जाने, उम्र और वल्दियत बदल जाने की शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन सबसे रोचक मामला वार्ड नौ राजीव नगर का है, जहां वार्ड तीन के सभासद का ही नाम काट दिया गया है। सभासद ने इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी से की और बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें पंचायत चुनाव से बाहर करने के लिए बड़ी साजिश के तहत उनका नाम कटवा दिया है। उपजिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांचकर सभासद का नाम मतदाता सूची में शामिल करने सहित पूरे प्रकरण की जांच करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। नगर पंचायत के वार्ड नौ राजीव नगर के निवासी दिवाकर सिंह यादव वार्ड तीन मालवीय नगर से निर्दल सभासद हैं। बीते नौ अक्तूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में भाग 15 के मतदाता क्रमांक 91 पर दर्ज था। उसके कुछ दिनों बाद आई अनंतिम मतदाता सूची में उनका नाम काट दिया गया। सभासद का कहना है कि उनके राजनीतिक कैरियर को खत्म करने के लिए बड़ी साजिश के तहत उनको पंचायत चुनाव से दूर करने के लिए विरोधियों ने साजिशन नाम कटवा दिया।