गाजीपुर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रविवार को सर्पदंश से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जमानिया संवाददाता के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के डुहिया सरैया गांव के पूर्व प्रधान मनोज राम (55) सुबह पशुओं को चारा डालने के लिए भूसा निकाल रहे थे। उसी समय उनको सर्प ने डंस लिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नंदगंज संवाददाता के अनुसार धरवा गांव निवासी गामा यादव (50) सुबह सात बजे घर के पास उगी जंगली घास की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान सर्प ने डंस लिया। परिजन अधेड़ को बेलसी स्थित मिशन पर ले गए जहां उसे दवा पिलाई गई। इसी बीच उसकी मौत हो गई।