गाजीपुर। दीपावली पर्व के लिए बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। इसको लेकर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। इस बार जिले के सात थाना क्षेत्र में सात स्थानों पर आतिशबाजी की बिक्री होगी। इसके लिए करीब 110 दुकानदारों को अस्थाई लाइसेंस दिया जाएगा। अब तक करीब 70 दुकानदारों को लाइसेंस जारी कर दिया गया है। जबकि शेष दुकानदार पटाखे बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस लेने के लिए आवेदन कर रहे हैं। लाइसेंस मिलने के बाद ही कारोबारी दुकान लगा सकेंगे। इस बार भी शहर के लंका मैदान में पटाखे की बिक्री होगी। आतिशबाजी की बिक्री वाले स्थान पर दमकल की गाड़ियां और पुलिसकर्मी 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे। इस बार 20 अक्तूबर को दीपावली मनाई जाएगी। पटाखे की दुकानों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पटाखे की दुकानों को लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अस्थायी नए लाइसेंस के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। दीपावली के आते ही बच्चों और बड़ों में आतिशबाजी खरीदने को लेकर उत्सुकता रहती है। बच्चों ने पटाखे खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है।