गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को हाईस्कूल और इंटर के छात्रों की दोनों पालियों में परीक्षा हुईं। पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की गणित एवं इंटरमीडिएट की परिधान रचना तथा दूसरी पाली में इंटर के छात्रों की भौतिक विज्ञान एवं सैन्य विज्ञान की परीक्षा आयोजित हुई। दोनों पाली में 10243 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। मॉनिटरिंग सेल-कंट्रोल रूम के प्रभारी प्रधानाचार्य बृजेश पाठक ने बताया कि पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की गणित प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित थी। इसमें 53074 को सम्मिलित होना था लेकिन 5291 ने परीक्षा से दूरी बनाई जबकि 47783 उपस्थित थे। इसी पाली में इंटर के छात्रों की परिधान रचना में 401 में 16 अनुपस्थित तथा 385 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में इंटर के छात्रों की भौतिक विज्ञान एवं सैन्य विज्ञान की परीक्षा में 51941 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 4551 नहीं बैठे तथा शेष 47390 उपस्थित थे। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्होंने सैदपुर एवं जखनिया तहसील क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा अन्य सचल दलों ने भी कई केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा का जायजा लिया।