गाजीपुर। नियमित टीकाकरण अभियान में मिली उपलब्धि का डाटा एचएमआईएस (ह्यूमन मैनेजमेंट इनफारमेशन सिस्टम) पोर्टल पर अपलोड नहीं करने पर सीएमओ ने मंगलवार को ग्यारह सीएचसी व तीन पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी, अधीक्षक सहित बीपीएम व आपरेटरों का वेतन रोक दिया है। इसके साथ ही तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने का भी निर्देश जारी किया है। अगर निर्धारित समय तक पोर्टल पर डाटा फीडिंग नहीं होती है, तो कार्रवाई के साथ रिपोर्ट जिला प्रशासन व शासन को भेज दी जाएगी। सीएमओ के इस कारर्वाई से अधिकारियों में हड़कंप मचा है। जिले में संचालित टीकाकरण अभियान के तहत मिली उपलब्धि के आंकड़ों को अभी तक सीएचसी व पीएचसी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एचएमआईएस पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। जबकि विभाग की ओर से कई बैठकों में शत-प्रतिशत डाटा फीडिंग का निर्देश दिया गया था। वहीं पोर्टल पर डाटा अपडेट नहीं होने से प्रदेश में जनपद सबसे नीचे पायदान पर पहुंच गया है। जो राष्ट्रीय कार्यक्रम के प्रति लापरवाही व उदासीनता को प्रदर्शित कर रहा है। सीएमओ ने डा. जीसी मौर्या ने ग्यारह सामुदायिक व तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारियों, अधीक्षकों का वेतन व एनएचएम के तहत तैनात बीपीएम (ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक), एमसीटीएस (मदर चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम) व एचएमआईएस के आपरेटरों का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दिया है कि तीन दिन के अंदर चिकित्साधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी डाटा अपलोड में अब तक हुए विलंब पर स्पष्टीकरण संबंधित अधिकारी के पास प्रस्तुत करें। साथ ही शत-प्रतिशत डाटा अपलोड होने तक वेतन व मानदेय अवरूद्ध रहेगा। इस कार्रवाई से सीएचसी व पीएचसी पर तैनात चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में एसीएमओ व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरके सिन्हा ने बताया कि अगर स्पष्टीकरण व शत- प्रतिशत डाटा पोर्टल पर अपलोड निर्धारित समय में नहीं होता है तो कार्रवाई के साथ रिपोर्ट शासन को भी भेज दी जाएगी।