सुहवल(गाजीपुर)। रविवार की देर रात क्षेत्र में आई तेज हवा और आंधी से काफी नुकसान हुआ है। कई घरों के टीनशेड उड़ गए, कई पड़े भी गिरे। गांव में घर की कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों के घायल भी हो गए। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर में भर्ती कराया गया है। रविवार की देर शाम तेज हवा चलने लगी। थोड़ी ही देर में इसने आंधी का रूप ले लिया। आंधी में अकवल गांव में कच्ची दीवार गिर गई। इसके मलबे से एक ही परिवार की सिलिया देवी (45), वीरेंद्र राजभर (20), लाल साहब (19) तथा कन्हैया (8) दब गए। शोर सुन कर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा सभी को मलबे से निकाला। बाद में हालत को गंभीर देखते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस आंधी में गांव के कई लोगों की झोपड़ियों से टीन शेड उड़ गए। करीब 20 मिनट तक आंधी रही। गांव के कुछ स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए। इसे बिजली विभाग तथा ग्रामीणों की तत्परता से ठीक कर लिया गया है। घायल परिवार को ग्राम प्रधान मोती यादव ने सहायता दी। क्षेत्रीय हल्का लेखपाल ने भी सोमवार को मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया तथा नुकसान की रिपोर्ट अधिकारियों को दी। कई स्थानों पर सायंकाल तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।