सेवराई। नेहरू युवा मंडल के बैनर तले युवा मंडल विकास कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार से हुई। इस कार्यक्रम के तहत नेहरू युवा मंडल के सदस्यों पदाधिकारियों द्वारा 25 से 30 अगस्त तक अभियान चलाकर भदौरा विकास खंड के समस्त गांव में युवा मंडल, महिला मंडल का गठन किया जाएगा। छह दिवसीय अभियान में भदौरा विकास खंड के अलावा अन्य ब्लाक से राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक एवं विकास खंड भदौरा के वाईसीडीपी (यूथ क्लब डेवलपमेंट प्रोग्राम) के प्रभारी अश्वनी कुमार तिवारी ने बताया कि युवाओं के विकास खेलकूद और उनकी शिक्षा से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही हर गांव में युवाओं की एक मंडल गठित की जाएगी। जिससे क्षेत्र के युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं को उन तक पहुंचाया जा सके एवं युवाओं का सही मार्गदर्शन दिया जा सके। समय-समय पर विशेष प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें प्रशिक्षित भी किया जाएगा।