गाजीपुर। जिले के 2266 परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और अनुचरों की हाजिरी डिजिटल माध्यम से दर्ज करने के विरोध की सुगबुगाहट शुरु हो गई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने ऑनलाइन उपस्थिति लागू करने का आदेश जारी कर दिया है। इस व्यवस्था के तहत अब इन विद्यालयों में तैनात करीब 10 हजार से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और अनुचरों को आॅनलाइन हाजिरी लगानी होगी। हालांकि शिक्षक संगठनों ने फैसले को लागू करने पर नाराजगी जताई है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि हम लोगों की जो मांगें थीं उसे पूरा करके ही शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी लागू की जाए। मांग पूरा किए बिना ही इसे लागू किया जाएगा तो संगठन के प्रदेश अध्यक्ष का जैसा निर्देश मिलेगा वैसी रणनीति तय की जाएगी। जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम यादव ने कहा कि अभी तक प्रदेश अध्यक्ष का निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही आदेश मिलेगा हम लोग उस पर अमल करेंगे। शिक्षक संगठनों ने फैसले को लागू करने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जब तक शिक्षकों की पुरानी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक डिजिटल उपस्थिति का समर्थन नहीं किया जाएगा।