बीते साल बिजली किल्लत से परेशान रहे गाजियाबादियों को इस साल विद्युत कटौती बेहाल नहीं करेगी। पावर कारपोरेशन इस साल सब-स्टेशन निर्माण के अपने कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को पूरा कर लेगा। इस बार चुनावी साल में लोगों को बिजली के झटके नहीं लगेंगे।
यूपी सरकार और पावर कारपोरेशन की पूरी कोशिश है कि इस बार गर्मी से पहले सब-स्टेशन चालू कर लोगों को ‘फील गुड’ कराएं। कारपोरेशन ने 33 केवी के तीन सब-स्टेशन तैयार कर लिए हैं। अब मई-जून तक ट्रांसमिशन और वितरण के सब-स्टेशन तैयार हो जाएंगे।
दरअसल, गाजियाबाद के विद्युत संसाधन पुराने होने की वजह से बढ़े हुए लोड को उठा पाने में सक्षम नहीं थे। ऐसे में बिजली की उपलब्धता होने के बावजूद लोकल फाल्ट की वजह से बिजली कटौती झेलनी पड़ती थी।
इस बार सर्दियों में ही पावर कारपोरेशन ने पुराने संसाधनों को भी दुरुस्त कर लिया है। ट्रांसफार्मर को अंडरलोड करने के लिए उनके पास में दूसरे ट्रांसफार्मर लगाने का अधिकांश काम पूरा कर लिया गया है।
अंडर ग्राउंड केबलिंग और नए सब-स्टेशन को चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुराने सब-स्टेशनों की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि इस बार गर्मी के सीजन में भी गाजियाबाद को 24 घंटे पावर सप्लाई दी जाएगी।