गोविंदपुरम में मैकेनिकल इंजीनियर के घर का ताला तोड़कर चोरों ने दिन दहाडे़ आठ लाख रुपये की ज्वैलरी और कैश पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के वक्त उनकी पत्नी भी घर पर नहीं थी। उन्होंने कविनगर पुलिस को तहरीर दी है।
मैकेनिकल इंजीनियर सतनाम सिंह ने बताया कि वह गोविंदपुरम आई ब्लॉक स्थित तीन मंजिला मकान में परिवार के साथ रहते हैं। तीन बेटे गुरप्रीत, हरप्रीत और जगप्रीत हैं। गुरप्रीत और हरप्रीत काशीपुर में रहते हैं।
बीते शनिवार को पत्नी सुरेंद्र कौर उनसे मिलने के लिए काशीपुर गई थी। दिल्ली स्थित एमएनसी कंपनी में ऑडिटर जगप्रीत भी ऑफिस गया था। दोपहर को वह भी ऑफिस में थे।
इसी दौरान पड़ोसी ने कॉल कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर जाकर जांच की तो करीब सवा छह लाख रुपये की ज्वैलरी और पौने दो लाख की नगदी गायब मिली। मकान की तीनों मंजिल पर चोरों ने वारदात की है।
एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। बता दें कि एक सप्ताह पहले चोरों ने संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल में फिजीशियन के घर चोरी की वारदात की थी, अब तक पुलिस इस मामले का भी खुलासा नहीं कर सकी हैं।