गाजियाबाद। कोहरे से बिगड़े रेल संचालन ने दैनिक यात्रियों को भी आफत में डाल दिया है। ईएमयू की लेटलतीफी से दैनिक यात्रियों का शेड्यूल बिगड़ गया है। घंटों लेट आ रहीं मेल, एक्सप्रेस और शताब्दी, ईएमयू की देरी की वजह बन रही हैं। वहीं, वीआईपी ट्रेनों को निकालने के चक्कर में लोकल गाड़ियां पिट रहीं हैं। बता दें कि गाजियाबाद स्टेशन से रोजाना सवा लाख यात्रियों का आना-जाना होता है। इसमें दिल्ली, मेरठ, हापुड़, सहारनपुर, अलीगढ़ आदि स्थानों के लिए लोग यात्रा करते हैं।