गाजियाबाद। सैकड़ों बंदियों की जमानत आगामी बारह दिन तक अटकी रहेगी। दरअसल 20 दिसंबर से हाईकोर्ट और 25 दिसंबर से जिला सत्र न्यायालय में विंटर वेकेशन की छुट्टियां हैं। हाईकोर्ट 12 दिन व जिला सत्र न्यायालय 7 दिन बंद रहेगा। ऐसे में बंदियों की जमानत अर्जी पर कोई सुनवाई नहीं हो पाएगी। बुधवार को भी अन्य दिनों के मुकाबले जिला सत्र न्यायालय की विभिन्न कोर्ट में दोगुनी जमानत अर्जियां दाखिल हुईं। इनमें से ज्यादातर खारिज हो गईं, जबकि कुछ में फैसला सुरक्षित रख लिया गया। हाईकोर्ट में 20 दिसंबर से 02 जनवरी 2014 तक का अवकाश घोषित है। गाजियाबाद कोर्ट में 42 कोर्ट हैं। यहां भी 24 दिसंबर को आखिरी बार काम होगा। 25 दिसंबर से 01 जनवरी तक जिला कोर्ट में अवकाश रहेगा।