गाजियाबाद। गुरु नानक देव के 643वें प्रकाशोत्सव पर शहर के गुरुद्वारों से बुधवार सुबह प्रभात फेरी निकाली गई और शबद कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान सुबह से ही गुरुद्वारों में मत्था टेकने पहुंचने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। कविनगर सी ब्लॉक गुरुद्वारा में प्रीतम सिंह ने शबद कीर्तन किया। कविनगर जी ब्लॉक, बजरिया, हापुड़ तिराहा रोड, गांधीनगर, मालीवाड़ा, पटेलनगर सेकेंड, राजनगर और शिब्बनपुरा के गुरुद्वारों में दिनभर गुरु का लंगर अटूट वरताया गया। रात में भी गुरुद्वारों में विशेष शबद कीर्तन आयोजित हुआ। कविनगर सी ब्लॉक स्थित गुरुद्वारे में रात 11 बजे तक वाहेगुरु का जाप हुआ। इस मौके पर दलजीत सिंह ओबरॉय, कुलवंत सिंह, जसवीर सिंह, एसपी सिंह, मनमोहन सिंह, राजेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह टीटू, हरप्रीत सिंह जग्गी, रवींद्र सिंह जॉली आदि लोग मौजूद रहे।