गाजियाबाद। अंडर-25 सीके नायडू ट्राॅफी ग्रुप सी में यूपीसीए और एमपीसीए के बीच मैच ड्रा की ओर बढ़ता जा रहा है। एमपीसीए के पहली पारी में 354 रन के जवाब में यूपीसीए दूसरे दिन 130 रन पर तीन विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। हालांकि तीसरे दिन यूपीसीए ने मैच में जोरदार वापसी की और पहली पारी के आधार पर 12 रन की बढ़त लेते हुए पहली पारी 8 विकेट पर 366 रन बनाकर घोषित कर दी। पहली पारी में तीन विकेट पर 130 रन से आगे खेलने उतरी यूपीसीए को चौथा झटका 134 के स्कोर पर उस वक्त लगा जब प्रशांत 1 अनुराग की गेंद पर बेग को कैच थमा बैठे। इसके बाद अक्षदीप ने 73 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 40 रन बनाए। अक्षदीप को कुलप्रीत ने 201 के स्कोर पर बोल्ड किया। इसके बाद अंकित तिवारी और मोहम्मद जाहिद अली ने सूझबूझ से बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर पर 267 रनों तक पहुंचा। अंकित तिवारी और मोहम्मद जाहिद अनुराग सिंह के शिकार बने। सौरभ कुमार 17 को विजित राणा ने कैच आउट कराया। यूपीसीए ने 366 रन पर पारी घोषित कर दी। एमपीसीए की ओर से विजित राना और अनुराग सिंह ने तीन-तीन और कुलप्रीत सिंह को दो विकेट मिले। पहली पारी में 12 रन से पिछड़ी एमपीसीए ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 18 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए थे। एमपीसीए का एकमात्र विकेट प्रकाश शर्मा 33 केरुप में गिरा। दिन का खेल खत्म होने तक मनोज सिंह 40 रन बनाकर खेल रहे हैं।